अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में मंगलवार रात मंडी से अज्ञात बदमाश एक खाद व्यापारी की बाइक उसी के सामने ले भागे। बदमाश मंडी के मेन गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए। कस्बा निवासी व्यापारी सिद्धार्थ जैन पुत्र विजय कुमार जैन ने बताया कि मंगलवार की रात करीब सवा नौ बजे वह बाइक पर मंडी स्थित अपनी दुकान पर गए थे। दुकान के शटर का ताला खोलने के लिए उसने बाइक स्टार्ट रखी। ताकि बाइक की लाइट जलती रहे। वह दुकान का शटर खोलने लगा। तभी तीन बदमाश एक बाइक पर आए। दो बाइक पर बैठे रहे। जबकि एक युवक उसकी बाइक लेकर चल दिया। उसने बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया और उसकी शर्ट पकड़ ली। लेकिन बदमाश बाइक लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना रात को ही पुलिस को दी। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। व्यापारी संघ के महामंत्री पंडित अंकुर शर्मा ने पुलिस से बदमाशों को पकड़ने और बाइक बरामद करने की मांग की है।