किसान सेवा सहकारी समिति दोघट के मिनी बैंक में घोटाला प्रकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। किसान सेवा सहकारी समिति दोघट के मिनी बैंक में हुए 45 लाख रुपये के घोटाले की जांच पूरी न होने पर खाताधारकों को भुगतान नहीं किया जा रहा है। खाताधारक रकम वापस लेने के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
किसान सेवा सहकारी समिति दोघट के मिनी बैंक में 45 लाख रुपये का घोटाला हुआ था। इसके बाद खाता धारकों ने रकम वापसी के लिए हंगामा किया था। जिस पर समिति की ओर से कई खाताधारकों की कुछ राशि लौटा दी थी। वहीं, जिला सहकारी बैंक के डिप्टी महाप्रबंधक को घोटाले की जांच सौंपी थी। समिति के खाताधरक रकम वापसी के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं, मगर समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
वहीं, बृहस्पतिवार को समिति पर रकम वापस कराने की मांग को लेकर खाताधारक पहुंचे। दोघट निवासी सोनू, संगीता, पुसार निवासी बाला और इदरीशपुर निवासी पीतम का कहना कि वे कई महीने से रकम के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने रकम जल्द वापस कराने की मांग की। वहीं, जिला सहकारी बैंक शाखा दोघट के प्रबंधक अजीत यादव ने बताया कि फिलहाल घोटाले की जांच जारी है। समिति में कुछ लोगों के खातों की भी जांच कराई जा रही है। इसके बाद ही भुगतान कराया जाएगा।