यमुना पर जाकर नहाया था आरोपी, बोला नहीं कोई पछतावा
बड़ौत (बागपत)। तिहरे हत्याकांड का आरोपी हत्या करने के बाद खादर में यमुना किनारे पहुंचा और यमुना में नहाया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद वह पहले जोनमाना पहुंचा और वहां पर दस मिनट रुकने के बाद ढिकाना पहुंच गया। वहां करीब पंद्रह मिनट रुककर लुहारी पहुंचा और एक खेत की चकरोड पर लगभग डेढ़ घंटा बैठा रहा। उसके बाद लगभग पांच बजे वह राजपुर खामपुर होते हुए खेड़ा हटाना में यमुना पर पहुंचा। आरोपी खेड़ा हटाना यमुना नदी पर पहुंचने के बाद नहाया और उसके बाद उसने अपने कपड़े बदले। वह आते हुए अपने साथ ज्योति व अनुराधा के मोबाइल फोन भी लाया था। उसने दोनों के मोबाइल फोन और अपने खून से सने कपड़े यमुना में फेंक दिए। आरोपी अमरपाल उर्फ लक्ष्य तोमर ने कहा कि उसे इन तीन हत्याओं का जरा भी पछतावा नहीं है।
- बेटे को मिले फांसी, तभी कलेजे को मिलेगी ठंडक
बड़ौत। परिवार में पति व दो बेटियों के शव को देख पूरी रात शशिप्रभा रोती रही। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो उसने कहा कि ऐसे बेटे को फांसी की सजा होनी चाहिए, जिसने पूरा परिवार उजाड़ दिया। उसे फांसी की सजा होगी तो उसके कलेजे को ठंडक मिलेगी। शशिप्रभा का आरोप है कि जिस तरह हत्याओं को अंजाम दिया गया है, उसमें अमरपाल के साथ रहने वाला एक युवक भी शामिल है। क्योंकि एक साथ तीन को अकेला नहीं मार सकता है। आरोप लगाया कि जिस तरह से हत्या में फाली, चाकू का इस्तेमाल किा गया है, उससे साथ में कोई अन्य युवक जरूर होगा।