संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को जिले में तैनात सीएचओ की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कराई गई। दस सीएचओ ऑनलाइन हाजिरी के दौरान अनुपस्थित मिले। सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने अनुपस्थित मिलने वाले सीएचओ से स्पष्टीकरण मांगा है।
लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांवों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर चलाए जा रहे हैं। सेंटर के संचालन की जिम्मेदारी सीएचओ (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर) को सौंपी गई है। सीएचओ को सेंटर पर आने वाले गंभीर मरीजों को ऑनलाइन ओपीडी उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए हैं। शासन स्तर से सीएचओ की हाजिरी और लोगों को मिलने वाले उपचार की मॉनिटिरिंग के निर्देश दिए है। लोगों को गांवों में बेहतर इलाज की सुविधा मिले, और सीएचओ समय से सेंटर पर पहुंचे इसके लिए सीएचओ की ऑनलाइन हाजिरी शुरू कराई गई है।
सीएमओ के निर्देश पर बुधवार को डॉ. मसूद अनवर ने हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों पर तैनात सीएचओ की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कराई। ऑनलाइन हाजिरी में दस सीएचओ अनुपस्थित मिले। डॉ. मसूद अनवर की रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ ने अनुपस्थित मिले सीएचसओ से स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण न देने वाले सीएचओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।