खेकड़ा। नगर निवासी एक शातिर ने रुपये लेकर विवाहिता की पहले पति को बगैर तलाक दिए ही दूसरी शादी करा दी। वहीं, पुलिस ने पहले पति को हिरासत में ले लिया।
नगर निवासी एक व्यक्ति का करीब तीन माह से उसकी पत्नी से विवाद है। इसके चलते पत्नी अलग किराए के मकान में रह रही थी। नगर के ही एक व्यक्ति ने उसे बहला-फुसला लिया। आरोप है कि उस शातिर ने दूसरे पक्ष से 40 हजार रुपये लेकर पहले पति को तलाक दिलाए बगैर विवाहिता की दूसरे युवक से शादी करा दी। पहले पति को इसकी जानकारी हुई तो वह शु्क्रवार शाम पत्नी के पास पहुंचा। वहां उनमें कहासुनी हुई। आपा खो बैठे पहले पति ने विवाहिता व उसके दूसरे पति की धुनाई कर दी। इस पर पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। पहले पति ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी को अपने पास रखना चाहता है। हालांकि पत्नी इससे इनकार कर रही है। पुलिस ने विवाहिता के पहले पति को ही हवालात में डाल दिया। वहीं, सीओ विजय चौधरी का कहना है कि विवाहिता दूसरे पति के साथ रहना चाहती है। मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद