बड़ौत। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से हर ब्लॉक से चार शिक्षकों को इंटरनेट और कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ट्रेनिंग के बाद मास्टर ट्रेनर के तौर पर यह शिक्षक अपने ब्लॉक में अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे शिक्षा बेहतर होगी।
जिले के छह ब्लाकों में कुल 535 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। जिसमें प्राथमिक विद्यालय 335, उच्च प्राथमिक विद्यालय 64 और कंपोजिट विद्यालय 136 शामिल हैं। प्रत्येक ब्लाकों के चार-चार शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान सभी को कंप्यूटर की सामान्य जानकारी, प्रिंटर-स्कैनर व मॉडम का इस्तेमाल, इंटरनेट सर्फिंग, गूगल फार्म जनरेट करना, ईमेल बनाना, भेजना, देखना और विभिन्न मोबाइल एप्लीकेशन और सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करना सिखाया जाएगा।
एबीएसए प्रकाश चंद ने बताया कि ये शिक्षक ट्रेनिंग के बाद मास्टर ट्रेनर के तौर पर ब्लॉक में ग्रुप बनाकर अन्य शिक्षकों को भी प्रशिक्षित करेंगे। शिक्षकों को इंटरनेट और कंप्यूटर के प्रशिक्षण के साथ अपग्रेड किया जा रहा है। इससे उन्हें शिक्षण कार्यों में मदद मिलेगी।