किसानों व अधिकारियों की वार्ता असफल, धरना जारी रहेगा
बागपत। कलक्ट्रेट के लोकमंच में विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे किसानों व अधिकारियों के बीच मंगलवार को बातचीत हुई। उनके बीच वार्ता असफल रही और किसानों ने धरना जारी रखने का फैसला लिया। इससे पहले किसानों ने कलक्ट्रेट में जुलूस निकालकर डीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
किसान दिवस का 21 सितंबर को बहिष्कार करने के बाद किसानों ने कलक्ट्रेट में धरना शुरू कर दिया था। जिसके बाद से किसानों का अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। किसानों ने मंगलवार सुबह को कलक्ट्रेट में जुलूस निकाला और अपनी मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद शाम को डीएम राजकमल यादव ने किसानों को वार्ता के लिए बुलाया। जहां किसानों ने शुगर मिल चलने से पहले गन्ना राशि का बकाया भुगतान कराने, आवारा पशुओं से निजात दिलाने, बारिश में खराब हुई फसल का मुआवजा दिलाने, बिजली कनेक्शन काटने व छापा मारने के नाम पर उत्पीड़न बंद कराने समेत अन्य मांगों को रखा।
डीएम ने धीरे-धीरे भुगतान कराने का आश्वासन दिया, अन्य मामलों में अधिकारियों को निर्देश देने के लिए कहा। जिसके बाद भी किसान धरना खत्म करने के लिए तैयार नहीं हुए। इस दौरान राजेंद्र प्रधान, प्रताप गुर्जर, इंद्रपाल, प्रदीप धामा, यादराम लुहारी, रामकुमार, सुनील ठेकेदार, रमन गुर्जर, विनेद कुमार, प्रवीण धामा, शिवदत्त शर्मा, हिम्मत सिंह, संजय धामा, ब्रजपाल आदि मौजूद रहे।