रमाला। सहकारी चीनी मिल रमाला की ओर से किसानों का समय से इंडेंट जारी नहीं होने पर शनिवार को किसान मिल के प्रबंधक से मिले। उन्होंने समय से गन्ने की छिलाई करने के लिए किसानों का इंडेंट जारी करने की मांग की। किसानों ने समस्या का जल्द समाधान न होने पर धरने की चेतावनी दी।
पूर्व विधायक वीरपाल राठी ने सहकारी चीनी मिल रमाला में पहुंचे और किसानों की समस्या सुनी। किसानों का कहना था कि मिल प्रबंधन व उत्तम ग्रुप के अधिकारी किसानों को गुमराह कर रहे हैं। किसानों का कम इंडेंट जारी किया जा रहा है। पर्ची जारी न होने से किसान गन्ने की छिलाई नहीं कर पा रहे है। उधर तौल सुपरवाइजरों का कहना था कि क्रय केंद्रों से गन्ने का उठान न होने के कारण तौल प्रभावित हो रही है। मिल के प्रधान प्रबंधक शादाब असलम ने बताया कि मिल में टेक्निकल समस्या है, इसे ठीक कराया जा रहा है। मिल प्रबंधक ने सोमवार से मिल में पूरी क्षमता के साथ पेराई कराने और समय से इंडेंट जारी करने का आश्वासन दिया। मौके पर भूपेंद्र सिंह, सत्यबीर सिंह, मनोज, हरबीर, मुकेश, उपेंद्र, संजय, जयप्रकाश, महक सिंह मौजूद थे।