बागपत। कालेज के छात्र अब कक्षाओं से बंक नहीं मार सकेंगे। महाविद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए बायोमैट्रिक हाजिरी की व्यवस्था कराई जाएगी। कालेज में छात्रों की वायोमेट्रिक से उपस्थिति दर्ज कराने के लिए शिक्षा विभाग के निदेशक ने पत्र जारी कर बायोमेट्रिक मशीन लगवाने के निर्देश दिए हैं।
कालेज प्रशासन के प्रयास के बावजूद डिग्री कालेज में छात्रों की उपस्थिति कम हो रही है। छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति कालेज प्रशासन के लिए परेशानी बनी रहती है, मगर अब जल्द ही परेशानी का समाधान हो जाएगा। कालेज प्रशासन की भांति छात्र-छात्राओं की भी कालेजों में बायोमेट्रिक मशीन से हाजिरी लगेगी। बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू होने से छात्र कालेज से बंक नहीं मार सकेंगे। दिगंबर जैन डिग्री कालेज बड़ौत के प्राचार्य विरेंद्र सिंह ने बताया कि कालेज में छात्रों की बायोमेट्रिक शुरू होने पर कालेजों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में उच्चतर शिक्षा निदेशक प्रोफेसर ब्रह्मदेव ने प्रदेश के सभी शासकीय और अनुदानित महाविद्यालयों के प्राचार्य और प्रबंधकों के साथ बैठक की थी। बैठक में प्राचार्य और प्रबंधकों ने कालेजों में छात्रों की कम उपस्थिति बढ़ाने के लिए बायोमेट्रिक से हाजिरी लागू करने की मांग की थी। जिस पर आठ अगस्त को उच्च शिक्षा निदेशक ने पत्र जारी कर सभी कालेजों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए बायोमेट्रिक से हाजिरी लगवाने के निर्देश दिए हैं।