फजलपुर के पर्ल ग्लोबल एकेडमी में मेघावियों को पुरस्कृत करते प्रबंधक।
बागपत। परिषदीय विद्यालयों में शुक्रवार को आठवीं कक्षा तक का परीक्षाफल घोषित किया गया। अधिकतर स्कूलों में अपना रिजल्ट लेने के लिए खुश होकर पहुंचे विद्यार्थियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। कुछ स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने अपने स्तर से रिजल्ट का वितरण किया।
परिषदीय विद्यालयों में शनिवार से नए सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। शुक्रवार को छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षाफल वितरित करने के लिए स्कूलों में बुलवाया गया था। शुक्रवार को छात्र-छात्रा अपने रिजल्ट लेने के लिए विद्यालयों में पहुंचे। मगर रिजल्ट न मिलने के कारण छात्र-छात्राओं को मायूस होकर लौटना पड़ा। कुछ विद्यालयों में स्कूल के प्रधानाध्यापकों ने स्कूल पहुंचे छात्रों को अपने स्तर से रिजल्ट वितरित किए, जबकि अधिकांश विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को बिना रिजल्ट दिए ही लौटाया गया।
कुछ विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मौखिक रूप से रिजल्ट बताया गया। शिक्षाधिकारियों का कहना था कि बच्चों के रिजल्ट कार्ड शासन स्तर से उपलब्ध कराए जाने थे। शुक्रवार को शासन स्तर से रिजल्ट उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके चलते रिजल्ट का वितरण नहीं किया गया। शनिवार से विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ कराया जाएगा। शासन स्तर से रिजल्ट मिलने पर छात्रों को उनके रिजल्ट उपलब्ध कराए जाएंगे।
- प्रधानाध्यापकों ने अपने स्तर से की रिजल्ट की व्यवस्था
विद्यालयों में शुक्रवार को रिजल्ट लेने पहुंचे छात्र-छात्राओं के रिजल्ट की व्यवस्था अपने स्तर से की। कस्बा अमीनगर सराय के प्राथमिक विद्यालय और अमीपुर बालैनी के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में प्रधानाध्यापकों ने अपने स्तर से रिजल्ट खरीदकर वितरित किए।
- छात्रों के रिजल्ट शासन स्तर से उपलब्ध कराए जाते हैं। शुक्रवार को रिजल्ट उपलब्ध न होने के कारण वितरित नहीं किए गए। शासन से रिजल्ट मिलने पर छात्रों को वितरित किए जाएंगे। - प्रियंका शर्मा, खंड शिक्षाधिकारी खेकड़ा