मलकपुर गांव में युवक की हत्या के बाद जांच करती डॉग स्क्वायड टीम
बड़ौत (बागपत)। मलकपुर गांव के छात्र की मंगलवार की देर रात घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। छात्र का शव बड़ौत-छपरौली रोड पर स्थित रजबहे के किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भी भिजवा दिया है। पुलिस ने मौके से शराब और पानी की बोतल बरामद की है।
पुलिस को मंगलवार की देर रात सूचना मिली कि बड़ौत-मलकपुर रोड स्थित रजबहे किनारे एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर बड़ौत कोतवाली प्रभारी नोवेंद्र सिंह सिरोही अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां छात्र का शव आधा पानी में पड़ा था। उन्होंने शव की जांच की तो उसकी पहचान मलकपुर निवासी यश उम्र 24 पुत्र हरेंद्र के रूप में हुई। जांच में पता लगा कि छात्र की कमर पर गोली लगी है। पुलिस ने शव को रजबहे से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। सीओ रवि रतन गौतम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी मामले की तहरीर नहीं आई है।
छात्र की हत्या से मचा कोहराम
बड़ौत। मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दो भाई है। मृतक का पिता खेती करता है और उसके एक छोटा भाई भी है। बताया जा रहा है कि छात्र नगर के एक इंटर काॅलेज में और कक्षा 12 का छात्र है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ युवक उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। पुलिस के अनुसार छात्र के शव के पास शराब का पव्वा, शीतल पेय व पानी की बोतल भी रखी मिली है। पुलिस ने वहां से बरामद सामान को भी कब्जे में ले लिया है। इस दौरान सूचना पर डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक जांच टीम ने वहां से सुबूत जुटाए हैं। उधर, छात्र की हत्या से परिजनों में कोहराम मच गया।