बिनौली। बिनौली से लापता कक्षा सात की छात्रा की तलाश की मांग को लेकर सोमवार को व्यापारियों ने बाजार बंद करके हंगामा किया। इस बीच ही सोमवार दोपहर को छात्रा को शामली के थानाभवन से ढूंढ़ लिया गया। उसका अपहरण करने वाले दोनों नौकर भी पुलिस ने पकड़ लिए हैं। छात्रा के मंगलवार को न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
बिनौली के एक व्यापारी की कक्षा सात में पढ़ने वाली छात्रा रविवार शाम को दुकान पर सामान लेने गई थी और उसके बाद से वह लापता हो गई थी। उसके अपहरण का शक छात्रा के पिता की दुकान पर रहने वाले पिछौकरा के नौकर पर जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों को साथ लेकर पुलिस रविवार रातभर छात्रा और नौकर को तलाश करती रही। मगर उनका सोमवार सुबह तक भी पता नहीं लगा तो व्यापारियों ने बाजार बंद करके परिवार की महिलाओं के साथ थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया।
पुलिस ने जल्द ही छात्रा के सकुशल मिलने की बात कही, मगर वह नहीं माने। सीओ हरीश भदौरिया ने पहुंचकर उनको बताया कि छात्रा की तलाश करने में पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। पुलिस को सोमवार दोपहर को सूचना मिली कि शामली के थानाभवन क्षेत्र में एक बाइक डिवाइडर से टकराई है और उस पर दो युवक और एक किशोरी थे। वह बिनौली के रहने वाले बता रहे हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने वहां पहुंचकर घायल छात्रा को बरामद कर लिया। इसके साथ ही छात्रा का अपहरण करने वाले पिछौकरा के रहने वाले नौकर राजा और छात्रा के पिता की दुकान पर कुछ दिन पहले रहने वाले नौकर बिनौली निवासी साकिब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया और नौकरों को हिरासत में लिया हुआ है।
छात्रा नाबालिग है और दोनों युवकों पर अपहरण की धाराएं लगेंगी। वहीं छात्रा के मंगलवार को न्यायालय में बयान कराए जाएंगे। छात्रा के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अर्पित विजयवर्गीय, एसपी