बागपत। औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए उप्र राज्य विकास औद्योगिक प्राधिकरण ने कार्रवाई शुरू कर दी। जहां सबसे पहले स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी तो कार्यालय का भवन भी ठीक कराया जाएगा। इसके लिए बजट जारी हो गया है।
कलक्ट्रेट के पास औद्योगिक क्षेत्र में काफी समस्याएं है। जहां सड़के टूटी पड़ी है तो पथ प्रकाश के लिए खंभों पर लाइट तक नहीं है। उप्र राज्य विकास औद्योगिक प्राधिकरण के कार्यालय का भवन जर्जर हो चुका है। पानी निकासी की समस्या भी बनी हुई है। इन सभी को बागपत इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उठाया था और इनके समाधान की मांग की गई थी। जिसपर उप्र राज्य विकास औद्योगिक प्राधिकरण ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक अजात शत्रु व प्रबंधक योगेंद्र कुमार के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में पथ प्रकाश के लिए लाइट लगाने के लिए 39.49 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इससे जल्द ही लाइट लगाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा कार्यालय का भवन भी करीब 40 लाख रुपये से ठीक कराया जाएगा।
सड़क निर्माण के लिए छह करोड़ का प्रस्ताव
उप्र राज्य विकास औद्योगिक प्राधिकरण ने औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए छह करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। जिसकी मंजूरी मिलते ही इसका बजट जारी होगा और वहां की सड़कों की हालत भी सुधारी जाएगी। इस तरह से औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं भी दूर होती दिख रही है।
ऊर्जा निगम के अधिकारी नहीं बदल रहे ट्रांसफार्मर व केबल
उप्र राज्य विकास औद्योगिक प्राधिकरण के प्रबंधक ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को पत्र लिखकर खेद जताया है कि वह कई बार ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कह चुके है। इसके बावजूद ट्रांसफार्मर और केबल नहीं बदला जा रहा है। इस कारण ही पथ प्रकाश के लिए लाइट लगाने में देरी हो रही है। क्योंकि ट्रांसफार्मर की क्षमता कम है और वहां ज्यादा क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाना जरूरी है। उसे जल्द लगाने के लिए कहा गया है।
समस्याएं दूर होगी तो निवेशक जरूर बढ़ेंगे
बागपत इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के महासचिव अश्वनी शर्मा का कहना है कि अब प्राधिकरण के अधिकारियों ने कुछ समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई की है। इस तरह की समस्याएं दूर होती रहेगी तो यहां निवेशक काफी बढ़ जाएंगे। उनके अनुसार प्राधिकरण को इस तरह ही सभी समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए।