- सूचना पर पहुुंची पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया, 50 से अधिक के खिलाफ मामला दर्ज
- घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल में कराया भर्ती, सभासद पद के प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच हुआ था झगड़ा
बड़ौत। किदवई नगर में बुधवार रात सभासद पद के प्रत्याशियों और उनके समथकों के बीच वोट को लेकर झगड़ा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि अन्य को मामूली चोटे आई हैं। बाद में अन्य पुलिस कर्मियों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती करते हुए 12 लाेगों को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य भाग निकले। इस मामले में पुलिस की ओर से सभासद प्रत्याशियों समेत 10 नामजद और 40 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बुधवार रात किदवई नगर में सभासद पद के दो प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ वोट मांग रहे थे, तभी उनके बीच वोट को लेकर कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। इसकी सूचना दिल्ली बस स्टैण्ड पुलिस चौकी को लगी तो कांस्टेबल तेजवीर और रोहित अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्हें शांत करने लगे। इस बीच दोनों पक्षों ने उन पर भी पथराव शुरू कर दिया। इसमेें तेजवीर और रोहित घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिस कर्मियाें को मामूली चोटे आई। उधर, जैसे ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा तो झगड़ा करने वाले भाग खड़े हुए। यहां से पुलिस ने 12 लाेगों को हिरासत में ले लिया और उन्हें कोतवाली ले आई। घायल पुलिस कर्मियों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां से तेजवीर सिंह को एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। इस मामले में पुलिस की तरफ से 10 नामजद और 40 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने बताया कि सभासद प्रत्याशी के बीच झगड़े की सूचना पर पुलिस कर्मियों को भेजा गया, लेकिन झगड़ा कर रहे लोगों ने उल्टा पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।