बागपत। बिजलीघर में फाल्ट होने से बागपत शहर में साढ़े पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। जिससे पानी तक के लिए लोगों को जूझना पड़ा। वहीं हाइटेंशन लाइन में फाल्ट होने से रटौल उपकेंद्र से जुड़े 14 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बागपत में खत्ता रोड स्थिति बिजलीघर में लगे केबल बॉक्स में रविवार सुबह करीब सात बजे फाल्ट हो गया और इस कारण वह बॉक्स फट गया। जिससे पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने बॉक्स को ठीक किया और करीब 12:30 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। जिससे साढ़े पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। सुबह के समय बिजली नहीं होने से पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई।
रटौल समेत 13 गांवों में 16 घंटे बाद आपूर्ति हो सकी
रटौल। खेकड़ा से रटौल आ रही हाइटेंशन लाइन में शनिवार रात फाल्ट होने से रटौल उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जिससे जुड़े रटौल कस्बे व 13 गांवों की बिजली आपूर्ति शनिवार रात करीब दस बजे ठप हो गई।
जिसकी सूचना मिलने के बाद कर्मचारी फाल्ट ठीक करने पहुंचे और रातभर फाल्ट ठीक करने में जुटे रहे, लेकिन फाल्ट ठीक नहीं हुआ। दोपहर करीब दो बजे फाल्ट ठीक होने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू की गई। जिससे 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई और उन्हें पेयजल की किल्लत, पशुओं के चारे से लेकर अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पानी के लिए हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा
हाइटेंशन लाइन में फाल्ट होने के बाद रटौल कस्बे समेत 14 गांवों की बिजली आपूर्ति रातभर ठप रही। जिसके चलते पूरी रात अंधेरे में कटी और सुबह होते ही पेयजल आपूर्ति के लिए हैंडपंपों पर लोगों की भीड़ लग गई। इसके अलावा बागपत शहर की माता काॅलोनी, केतीपुरा मोहल्ला, कश्यप काॅलोनी, नौरोजपुर रोड, चमरावल रोड, भजन विहार काॅलोनी में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।
जनरेटर चलाकर की चारे की व्यवस्था
सिंगौली गांव के किसान सोहनपाल ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने से पशुओं के चारे की व्यवस्था करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। जिसके चलते किसानों ने जनरेटर चलाकर पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की।
-
वर्जन
-हाइटेंशन लाइन में शनिवार रात फाल्ट होने के बाद उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। जिसे रविवार दोपहर ठीक कराकर आपूर्ति चालू करा दी गई है। - यतेंद्र भाटी, अवर अभियंता रटौल
रटौल में हैडपंप से पानी भरती महिलाएं