बड़ौत (बागपत)। अंतरराष्ट्रीय डब्ल्यूडब्ल्यूई महिला रेसलर और आम आदमी पार्टी में वेस्ट जोन की खेल विभाग की संयोजिका कविता दलाल ने कहा कि हरियाणा में खिलाड़ियों का खेल कोटा दूसरे सभी विभागों में लागू कराने को बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कविता दलाल रविवार को बिजवाड़ा गांव में अपनी ससुराल आई हुई थीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जितनी सुविधाएं खिलाड़ियों को पहले मिला करती थीं, उसमें एक सोची समझी साजिश के तहत कटौती की गई। यहां मिलने वाली सुविधाओं के कारण ही दूसरे प्रदेशों के खिलाड़ी भी हरियाणा आते थे। अब यहां की सरकार ने बड़ा षड्यंत्र खिलाड़ियों के खिलाफ रचा।
कोटा खत्म करने से खिलाड़ियों का मनोबल टूटा है। अब खिलाड़ियों का दबाव बढ़ा तो मात्र विभागों में स्पोर्ट्स कोटा मान्य कर दिया। अब अन्य सभी विभागों में स्पोर्ट्स कोटा खोलने को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कविता उर्फ हार्ड केडी ने कहा कि तीन प्रतिशत से बढ़ाकर यह कोटा छह प्रतिशत किया जाना चाहिए। इसके लिए सभी खिलाड़ियों को एक मंच पर लाने का काम आम आदमी पार्टी कर रही है।