बालैनी। बिजली लाइन की चिंगारी से दत्तनगर गांव के जंगल में गेहूं की पांच बीघा फसल जल गई। वहीं फुलेरा गांव में नेहरू स्मारक इंटर कालेज के मैदान में रखे ट्रांसफार्मर के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिससे गेहूं के खेत में आग लग गई। मजदूरों ने पानी डालकर आग बुझाई।
दत्तनगर गांव में रहने वाले किसान संजय, सतीश गिरी, अमित गिरी सतेंद्र, सोमपाल, बबलू आदि ने बताया कि उनके खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की जर्जर तारों के टकराने पर उठी चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लग गई। उन्होंने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। उन्होंने कहा कि आग की चपेट में आने से पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई। उन्होंने बताया कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन जर्जर हालत में हो चुकी है। तारों में चिंगारी उठने से पिछले महीने चार बीघा ईख की फसल जल गई थी। उन्होंने ऊर्जा निगम से लाइन बदलवाने की मांग की।
वहीं फुलेरा गांव के नेहरु स्मारक इंटर कालेज के मैदान में ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, जिससे जुड़ी हाईटेंशन लाइन का तार बुधवार की सुबह टूटकर गिर गया। जिससे खाली जगह में पड़े कूड़े के ढेर में आग लग गई। हवा तेज चलने के कारण आग पास में ही किसान काशीराम के गेहूं के खेत में पहुंच गई। तभी पास में काम कर रहे मजदूर दौड़े और पानी डालकर आग बुझाई। इसके अलावा भैड़ापुर गांव के जंगल में बिजली लाइन की चिंगारी से पूर्व प्रधान धर्मवीर की एक बीघा गेहूं की फसल जल गई।