बड़ौत। कमलानगर कालोनी में पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी के बाद ससुर द्वारा बेटी का पक्ष लिए जाने से गुस्साए युवक ने सरिये से पीट-पीटकर ससुर की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। मृतक की पत्नी ने दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। होली के पर्व पर हुई घटना के बाद परिवार में शोक छाया हुआ है।
नगर की कमला नगर कालोनी निवासी वेदपाल (65) की बेटी अंजू की शादी कई साल पहले गढ़ी थाना दोघट निवासी संजू पुत्र निर्मल से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही संजू कमला नगर कालोनी में ही किराए के मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि रविवार की रात संजू व उसकी पत्नी अंजू के बीच कुछ कहासुनी हो गई। वहां मौजूद वेदपाल ने बेटी का पक्ष लिया तो संजू नाराज होकर वहां से चला गया। इसके बाद रोज की तरह ही वेदपाल भी अपने घेर में सोने चले गए। सोमवार की सुबह जब वेदपाल घर नहीं आए तो परिजन उन्हें बुलाने के लिए घेर में पहुंचे। वहां चारपाई पर वेदपाल का लहूलुहान शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए।
वेदपाल की पत्नी मुनेश की सूचना पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुनेश ने दामाद संजू पर सरिये से पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि संजू कमलानगर में ही रहता था और उसका अपने ससुर के साथ झगड़ा होता रहता था।