बागपत/छपरौली/दोघट। हरिद्वार और गोमुख से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों का ग्रामीणों ने फूल बरसाकर और ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। नगर के अलावा देहात क्षेत्रों में पहुंचे कांविड़यों पर ग्रामीणों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।
गंगाजल लेकर नगर में पहुंचे कांवड़ियों के स्वागत के लिए परिजन वंदना चौक पहुंचे। जहां पर उनका ढोल नगाड़े के साथ स्वागत किया। उधर छपरौली कस्बे के अलावा क्षेत्र के हलालपुर, रठौड़ा, सिनौली, बाछौड़, ककौर, कूड़ी-नांगल, बौढ़ा, तुगाना और लूंब गांवों में हरिद्वार व गोमुख से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों का ढोल नगाड़े के साथ स्वागत किया गया। कस्बे व गांव के मंदिरों में कांवड़ियों की सेवा लिए भंडारे लगाकर जलपान की व्यवस्था की गई है।
उधर बामनौली गांव में साढ़े 19 घंटे में हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों का ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। बामनौली निवासी आदित्य तोमर, अशोक सिंह सीआईएसएफ, टिंकू सिंह दिल्ली पुलिस व बिट्टू सिंह तोमर चारों कांवड़िये हरिद्वार से 21 घंटे में कांवड़ लेकर पहुंचने का समय देकर निकले थे। वह मंगलवार को 19 घंटे 30 मिनट में ही कांवड़ लेकर गांव पहुंच गए। उनके गांव पहुंचने पर गांव के विकास तोमर, मोहित तोमर, नकुल तोमर, गौरव तोमर, रोहित चौधरी, अनुज तोमर ने उनका स्वागत किया।
----
जल लेकर पहुंचे नेत्रहीन सत्यप्रकाश का स्वागत किया
बागपत। खेड़की के नेत्रहीन सत्य प्रकाश शर्मा मंगलवार को गांव के लोगों के साथ हरिद्वार से जल लेकर गांव पहुंचे। उनके गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान आशीष शर्मा, ओमपाल शर्मा, सतपाल शर्मा, राकेश शर्मा, अनिल शर्मा, अभिषेक शर्मा ने सत्यप्रकाश शर्मा का फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। संवाद