खेकड़ा। कस्बे के मोहल्ला अहिरान में गोली लगने से घायल नौवीं कक्षा के छात्र की 45 दिन बाद गुरुग्राम के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता बेटा था और उसे बचाने के लिए उपचार कराने के लिए परिजनों ने चार बीघा जमीन भी बेच दी। इसके बाद भी बेटे को नहीं बचाया जा सका।
मोहल्ला अहिरान में 25 जून की शाम चार बाइकों पर सवार सात आठ युवकों ने भवन निर्माण सामग्री की दुकान करने वाले रोहन यादव पर गोलियां बरसा दी गई थी। गोली लगने से रोहन और साइकिल चला रहा कक्षा नौ का छात्र लक्की उर्फ सुशील पेट में गोली लगने से घायल हो गया था। घायल रोहन के भाई अभिषेक ने कोतवाली में रुपयो के लेनदेन को लेकर सन्नी, नवनीत, आशु और बादल निवासी बड़ौत और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में घायल छात्र सुशील की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां 45 दिन उपचार के दौरान बुधावर को छात्र लक्की उर्फ सुशील की मौत हो गई। पता चलने पर कस्बे के काफी लोग गुरुग्राम रवाना हो गए। उधर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हमलावर सन्नी, हारूण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि आरोपी बादल ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।
मोहल्ला अहिरान में रहने वाले किसान विष्णुदत्त ने अपने इकलौते बेटे लक्की उर्फ सुशील को बचाने के लिए अपनी चार बीघा जमीन भी बेच दी थी क्योंकि उसके इलाज में काफी रुपये खर्च हो रहे थे और आर्थिक रूप से परेशानी होने लगी थी। मगर जमीन से ज्यादा बेटे की जिंदगी बचाना जरूरी था। मगर बेटे को बचाया नहीं जा सका। छात्र की मौत होने से मोहल्ला अहिरान में शोक छा गया।