बागपत। जिले के राजकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास शुरु कराई जाएगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से 30 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। शासन से बजट जारी होने पर विद्यालयों में प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे।
जिले में 19 राजकीय माध्यमिक विद्यालय है। इनमें 13 राजकीय हाईस्कूल और छह इंटरमीडिएट विद्यालय है। इन विद्यालयों में प्रोजेक्टर से पढ़ाई शुरु कराने के लिए विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार कराया गया था। विभाग ने स्कूलों में स्मार्ट शुरु कराने के लिए शासन को 30 लाख रुपये की डिमांड भेजी थी। शासन स्तर से बजट की मंजूरी होने पर विद्यालयों में स्मार्ट क्लास शुरु कराई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सक्सेना ने बताया कि स्मार्ट क्लास के लिए विभाग की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, मगर अभी तक बजट स्वीकृत नहीं हुआ है। बजट मिलने पर विद्यालयों में प्रोजेक्टर से पढ़ाई शुरु कराई जाएगी।