बागपत। गर्मी बढ़ने से त्वचा रोग के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में रोजाना लगभग 200 त्वचा के मरीज पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ नहीं होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों को फिजिशियन ही दवा दे रहे हैं।
करीब दो साल पहले जिला अस्पताल में तैनात त्वचा रोग विशेषज्ञ का तबादला हो गया था। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कई बार शासन को त्वचा रोग विशेषज्ञ की तैनाती का के पत्र भेजा जा चुका है, मगर चिकित्सक की नियुक्ति नहीं हुई है। अस्पताल में त्वचा के मरीजों को इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिजिशियन या अन्य चिकित्सक ही त्वचा के मरीजों की जांच कर दवाई दे रहे हैं।
गर्दन और चेहरे पर लाल निशान हो रहे हैं। इसलिए दवाई लेने के लिए अस्पताल में आया था। यहां बताया गया कि त्वचा रोग विशेषज्ञ नहीं है तो अन्य चिकित्सक से दवाई लेनी पड़ी। -राजू, कोर्ट रोड बागपत
दोनो हाथों और कमर पर पर लाल दाने को गए है। उनमें खुजली लगती है और वह ठीक नहीं हो रहे हैं। इसलिए यहां चिकित्सक से दवाई लेने आई थी। यहां चिकित्सक के पास काफी भीड़ रहती है और इसलिए परेशानी होती है। -फूल्लो देवी, अमीनगर सराय
अस्पताल में रोजाना हो रही दो सौ ओपीडी
तेज धूप और गर्मी में लोगों की त्वचा झुलस रही है। पिछले कुछ दिनों में अस्पताल में त्वचा के मरीजों की ओपीडी बढ़ी है। अस्पताल में रोजाना लगभग दो सौ मरीजों की ओपीडी हो रही है। -डॉ. उमर
वर्जन - अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ नहीं है। अन्य चिकित्सक ही त्वचा के मरीजों की जांच कर दवाई देते हैं। शासन से चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की गई है। - डॉ. एसके चौधरी, सीएमएस