बिनौली। बरनावा में बड़ौत-मेरठ मार्ग पर नीरज पुत्र रामनिवास की समीक्षा टेलर्स के नाम से दुकान है। घेर के अहाते में बनाई गई दुकान से मंगलवार की रात करीब दो बजे दुकान से धुआं निकलकर पूरे परिसर में फैल गए। इससे घेर में सो रहे नीरज के पिता रामनिवास की आंख खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और दुकान का शटर खोलकर आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से दुकान में रखे सिले और अध सिले कपड़े जल गए। इसके अलावा काउंटर, बैट्री, इनवर्टर, सिलाई मशीनें, बिजली का केबिल और फर्नीचर जल गए। करीब सवा दो लाख रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया। दुकानदार नीरज ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। मामले की तहरीर बिनौली थाने पर दे दी गई। पीड़ित ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।