बागपत। सर्वोदय पब्लिक स्कूल में चल रही चार दिवसीय 22वीं उप्र स्कूल शूटिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन बागपत के शूटरों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में पहुंचे सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा ने शूटिंग प्रतियोगिता में भाग ले रहे शूटरों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शूटरों को लक्ष्य बनाकर तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ शूटिंग प्रतियोगिता में निशाना भी साधा।
प्रधानाचार्य अमित तेवतिया ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन करीब 400 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। शुक्रवार को वाराणसी, हापुड़, शामली, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, नोएडा, आगरा से आए शूटरों ने निशाने साधे। प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए शूटरों ने प्रतियोगिता में सटीक निशाने लगाकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
चार दिन तक चलने वाली शूटिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिले के स्कूलों के लगभग 1100 शूटर प्रतिभाग करेंगे। चार सितंबर को प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा और विजेता शूटरों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राइफल संघ के महासचिव जीएस सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मेरठ व बागपत जिले के शूटरों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और शाम तक बागपत के खिलाड़ियों ने बढ़त बनाए रखी। प्रतियोगिता में प्रिया जैन, प्रशांत शर्मा, संजीव अजमेरिया, प्रमोद धामा, सोनू शर्मा, यूवी सिंह, चेतना बंसल, अवधेश शर्मा, संजय मौर्य मौजूद रहे।
सफलता के लिए कड़ी मेहनत और एकाग्रता की जरूरत
स्कूल के प्रबंधक प्रमोद पंवार ने कहा कि खेलकूद हो या शिक्षा दोनों में ही सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत और एकाग्रता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भविष्य बनाने की अपार संभावनाएं हैं। कॅरिअर में शूटिंग का खेल की अहम भूमिका है। बागपत में प्रतिभाओं की कमी नही है, यहां गांव-गांव में खिलाड़ियों की भरमार है। जिले के खिलाड़ी देश-विदेश में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।