शामली। रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी लगवाने के लिए आरपीएफ थाना प्रभारी ने अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है। रेलवे स्टेशन के चारों ओर 23 सीसीटीवी लगवाए जाएंगे। नए साल में रेलवे स्टेशन सीसीटीवी कैमरों से लैस होने की उम्मीद है।
रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत कार्य होने हैं, जिसे लेकर निर्माण कार्य भी रेलवे स्टेशन पर शुरू कर दिया गया है। आरपीएफ थाना प्रभारी नवीन कसाना ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से प्लेटफार्म नंबर एक, दो, आरक्षण रूम, टिकट खिड़की, आरपीएफ थाने के सामने, प्रतीक्षालय के पास 23 सीसीटीवी लगवाए जाएंगे, जिसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है। नए साल में स्टेशन के सीसीटीवी से लैस होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आरपीएफ थाने में ही सीसीटीवी का कंट्रोल रूम होगा, जिससे वह सभी गतिविधियों को आसानी से देख सकें।
आरपीएफ थाना प्रभारी नवीन कसाना और जीआरपी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह सिंधू ने रेलवे स्टेशन का जायजा लिया और यात्रियों से सुरक्षा के मद्देनजर सुझाव भी मांगे। मातहतों को भी निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा में कोताही नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त चार जवान भी तैनात किए गए हैं।