बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी में नरेश चिकन कॉर्नर पर थूककर रोटी बनाने वाले कारीगर शहजाद निवासी डौला को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा की टीम ने होटल पर छापा मारकर नोटिस जारी कर सील लगा दी।
अग्रवाल मंडी टटीरी में मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर स्थित नरेश चिकन कॉर्नर पर रोटी बनाने वाले कारीगर की वीडियो बनाकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल की थी। इसमें कारीगर थूककर रोटी बनाता हुआ नजर आ रहा था। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने आक्रोश जताया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि होटल के कारीगर शहजाद निवासी डौला के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उधर, वीडियो पर संज्ञान लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त मानवेंद्र सिंह ने नरेश चिकन कॉर्नर पर छापा मारा। जहां से आटा और पनीर ग्रेवी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। होटल में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन की अलग-अलग व्यवस्था नहीं मिली, जो एक ही फ्रिज में रखवाया गया था। होटल संचालक के पास पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और होटल के कर्मचारियों की फिटनेस रिपोर्ट नहीं मिली। जिसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया। जिसका जवाब देने तक होटल सील करा दिया गया।