रटौल। कस्बे से शादी में जाते समय गाड़ी में पेय पदार्थ गिरने पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। काफी देर तक लाठी डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया।
कस्बे में रहने वाले मन्नू के बेटे की बारात में रविवार शाम को सुहेल अपनी गाड़ी किराए पर बागपत लेकर गया था। बताया कि रास्ते में गाड़ी में सवार युवक पेय पदार्थ पीने लगे। तभी पेय पदार्थ गाड़ी में गिर गया। जिसका गाड़ी चालक सुहेल ने विरोध किया और इसको लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। बताया कि बारात से वापस आने पर गाड़ी में पेय पदार्थ गिरने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गयी और उनके बीच लाठी-डंडे चल गए।
मारपीट में एक पक्ष के अनस, सुहेल, गुफरान व दूसरे पक्ष से आरिफ, मुन्नी, जुबैदा, राशिद घायल हो गए। जिसूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और घायलों का सीएचसी में उपचार कराया। उधर, दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।