सर्विस सेंटर पर 50 हजार की एलईडी की स्क्रीन तोड़ने का आरोप, हंगामा
-पीड़ित उपभोक्ता ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
बड़ौत। शिकोहपुर गांव निवासी दीपक कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी एलईडी बिनौली रोड स्थित सैमसंग कंपनी के सर्विज सेंटर आदि डाट काम पर सही कराने के लिए दी थी। मैकेनिक ने मामूली समस्या बताकर थोड़ी देर में ठीक करके देने की बात कही। इसके बाद वह एलईडी को खोलकर मरम्मत करने लगा। करीब 15 मिनट बाद मैकेनिक, एलईडी की स्क्रीन टूटी हुई बताकर वापस देने लगा। आरोप है कि मैकेनिक की गलती से करीब 50 हजार रुपये की कीमत की एलईडी की स्क्रीन टूट गई। इसका विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी गई, जिसके बाद उसने डायल 112 को सूचना देकर पुलिस को बुलाया। मामले में दीपक ने थाने पर तहरीर दी है। उधर, इस संबंध में आदि डाट काम के संचालक कपिल वेदवान का कहना है कि उनकी दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। एलईडी पहले से ही टूटी हुई थी। अंदर से खोलने के बाद मैकेनिक ने इस संबंध में जानकारी दी तो उपभोक्ता ने सेंटर की छवि धूमिल करने को लेकर झूठा आरोप लगाया और हंगामा किया। आरोप निराधार है। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि तहरीर आई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश पंवार