मीतली गांव में मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित की जगह
बागपत। मीतली में पीपीपी मोड पर मेडिकल काॅलेज का निर्माण करने के लिए 101 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया गया। इसका अनुमोदन कर दिया गया है। अब निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है। मीतली में मेडिकल कालेज के लिए कार्रवाई करीब पांच साल पहले हुई थी। मेडिकल काॅलेज के लिए मीतली में जमीन देखी गई थी। वहां करीब 67 बीघा जमीन है जो पहले राजस्व विभाग के पास थी और वह रिकाॅर्ड में बंजर दर्ज थी। मगर उसे वर्ष 2001 में मत्स्य विभाग के नाम दर्ज कर दिया गया था। जहां मत्स्य विभाग ने करीब एक बीघा में अपना कार्यालय बनाया हुआ है और कुछ जमीन में तालाब की खोदाई कराकर छोड़ा हुआ है। जिसका आज तक कोई इस्तेमाल नहीं किया गया। उस जमीन को सीधे मत्स्य विभाग से चिकित्सा शिक्षा विभाग के नाम नहीं हो सकती थी। इसलिए ही वर्ष 2023 में उसको पहले राजस्व विभाग के नाम दर्ज कराया गया और वर्ष 2024 में उसे चिकित्सा शिक्षा विभाग के नाम दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की गई। मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए श्री जयपाल सिंह शर्मा ट्रस्ट के साथ मिलकर 101 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया, जिसका अनुमोदन हो गया है। संवाद