खेकड़ा। कोतवाली पुलिस ने गांव महरमपुर के कुलदीप हत्याकांड के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते कुलदीप पुत्र सुरती की 13 मई की शाम पूर्वी यमन नहर पटरी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके चाचा कृष्ण ने कोतवाली में गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तभी एक आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चार आरोपी तभी से फरार चल रहे थे। पुलिस ने शुक्रवार की रात एक अन्य हत्यारोपी धर्मपाल को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है। फरार चल रहे अन्य तीन आरोपियो को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।