बड़ौत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते लोग
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। भैयादूज पर बहनों के यहां जाने के लिए भाइयों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों से लेकर रोडवेज बसों और डग्गामार वाहनों में सफर करने को लेकर लोगों में मारामारी मची रही।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर बृहस्पतिवार को पूरे दिन भीड़भाड़ रही। ट्रेनों और बसों में सवार होने को लेकर मारामारी मची रही। ट्रेनों, बसों में जितने यात्री डब्बों के भीतर सवार थे, उससे कहीं अधिक संख्या में लोग ट्रेनों और बसों के बाहर खड़े नजर आए। दो-दो टिकट काउंटर खुले हाने के बावजूद यात्रियों की चार-चार लंबी लाइन टिकट पाने को लेकर लगी रही।
ट्रेन के आने के बाद अधिकांश यात्री तो लाइन से निकलकर ट्रेन में सवार होने के लिए दौड़ पड़ते थे क्योंकि टिकट वितरण व्यवस्था ही ऐसी की गई थी कि समय पर सभी यात्रियों को टिकट मिल सके। दिल्ली से सहारनपुर और सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली सभी ट्रेनों में शाम तक यात्रियों की भीड़ बस देखते ही बनती थी। डग्गामार वाहनों का भी हाल ऐसा ही रहा। घंटों तक इंतजार कर रहे यात्रियों को मजबूरन डग्गामार वाहनों तक का सहारा लेना पड़ा।