बड़ौत। बुधवार दोपहर सीएचसी पर एसडीएम सुभाष सिंह ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले स्टाफ की उपस्थिति रजिस्टर को चेक किया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार सहित कई चिकित्सक छुट्टी पर मिले। सेंटर पर चिकित्सकों की कमी की बात सामने आई, जिस पर एसडीएम ने मांग भेजने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, लैब, लेबर रूम, वार्ड, टीकाकरण कक्ष का जायजा लिया। दवाइयों का स्टाक चेक किया और इसे पूरा रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने वहां मौजूद मरीजों से भी बातचीत की। मरीजों ने उन्हें सेंटर पर कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती नहीं होने और तैनात चिकित्सकों के अक्सर लंबी छुट्टी पर रहने की समस्या बताई। एसडीएम ने मामले में चिकित्साधीक्षक से वार्ता कर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया।