एसडीएम, सीओ ने किया रैन बसेरे व गोशाला का निरीक्षण
खेकड़ा (बागपत)। बुधवार की शाम उपजिलाधिकारी राजपाल सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी दिलीप सिंह शहर स्थित नगर पालिका टंकी परिसर में बनी अस्थाई गोशाला का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। जहां निरीक्षण के दौरान गोवंश बारिश में भीगने से ठिठुरते हुए मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। और गौवंश को सर्दी से बचाने के लिए कर्मचारियों से वहा पर अलाव जलवाए। उपजिलाधिकारी ने गोशाला में मौजूद कर्मचारियों को गोवंशों का सर्दी से बचाव के साथ ही उनके खानपान व देखरेख को लेकर कड़े निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रैन बसेरे का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को रैन बसेरे में पहुंचने वाले लोगों को सर्दी से बचाव के लिए माकुल सुविधाएं देने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा एवं पुलिस बल मौजूद रहा।