अमीनगर सराय। हजूराबाद गढ़ी में सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत पर बुधवार को पैमाइश करने गई राजस्व विभाग की टीम के साथ दो सगे भाइयों ने अभद्रता की और धक्कामुक्की की। टीम से फीता छीनकर फेंक दिया और अभिलेख छीनने की कोशिश की। लेखपाल ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
लेखपाल विरेंद्र सिंह और रामपाल यादव ने बताया कि हजूराबाद गढ़ी गांव निवासी इंद्रपाल ने बड़ौत एसडीएम से शिकायत कर गांव के कुछ लोगों पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। जिसमें बुधवार को राजस्व विभाग की टीम ने प्रधान व अन्य ग्रामीणों को बुलाकर पैमाइश शुरू की। तभी दो सगे भाई वहां आ गए और अभद्रता शुरू कर दी। आरोप लगाया कि दोनों भाइयों ने उनके साथ धक्कामुक्की करते हुए पैमाइश में प्रयोग होने वाला फीता छीनकर फेंक दिया।
राजस्व टीम ने समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन उन्हें गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई और पैमाइश नहीं होने दी। सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि राजस्व टीम से अभद्रता के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।