खेकड़ा। मोहल्ला विजयनगर स्थित संत शिरोमणि रविदास मंदिर की दुकानों को खाली कराने के चलते दुकानदार पक्ष और मंदिर कमेटी के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मंदिर कमेटी ने दुकानों को खाली कराकर मंदिर का सुंदरीकरण कराने का निर्णय लिया।
संत शिरोमणि रविदास मंदिर के बाहरी हिस्से में बनी चार दुकानों को मंदिर कमेटी ने किराए पर दिया हुआ है। अब मंदिर कमेटी ने दुकानों को तोड़कर मंदिर का सुंदरीकरण कराने का निर्णय लिया है। तीन दुकानदारों ने तो कमेटी के कहने पर दुकानों को खाली कर दिया, लेकिन चौथा दुकानदार दुकान खाली नहीं कर रहा है। रविवार को हुई बैठक में दुकानदार पक्ष और मंदिर कमेटी के बीच विवाद हो गया। विवाद में दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक भी हुई।
बैठक में समाज के वरिष्ठ जन सतपाल सिंह, धर्मसिंह एसडीओ, गिरिराज, तिलकराम और ब्रह्मानंद को पंच बनाया। बैठक में चर्चा के बाद 31 मई तक दुकान को खाली करने का फैसला दिया। इसके बाद दुकानों को तुड़वाकर मंदिर का सुंदरीकरण कराने का निर्णय लिया गया। इस दौरान मंदिर समिति के महासचिव अनिल कुमार, राजेन्द्र प्रसाद, प्रवीन कुमार, रविंद्र, मुकेश मौजूद रहे।