रमाला थाने में हंगामा कर रहे मृतक साजिद के परिजनों को समझाते सीओ सविरत्न गौतम। संवाद
-किरठल में पेड़ पर लटका मिला था किसान का शव, परिजनों ने सीओ का घेराव कर घंटों तक हंगामा किया
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। किरठल गांव के किसान साजिद के शव को परिजन थाने लेकर पहुंचे और शव वहां रखकर हंगामा किया। वहां सीओ उनको समझाने पहुंचे तो उनका घेराव किया गया। जिसके बाद पुलिस ने गांव के ही चार युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
किरठल गांव निवासी किसान साजिद का शव शुक्रवार को खेत में पेड़ पर लटका मिला था। जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार वाले एंबुलेंस में थाने पहुंचे। जहां ग्रामीणों के साथ मिलकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची सीओ सविरत्न ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। जहां मृतक के भाई आबिद ने बताया कि गांव के ही चार युवक साजिद को शुक्रवार की सुबह घर से बुलाकर ले गए थे। जिन्होंने साजिद की खेत में ले जाकर पिटाई कर हत्या कर दी और साजिद के शव को उसके खेत में अमरूद के पेड़ पर फंदा लगाकर लटका दिया। उन्होंने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव को सुपुर्द-ए-खाक करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद एसडीएम सुभाष सिंह, सीओ बड़ौत सविरत्न गौतम, थाना प्रभारी शिवदत्त ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया। जिसके बाद पुलिस ने आबिद की तहरीर पर गांव के ही संजीव, मनोज, विशु और विराट के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ का कहना है कि आरोपियों को तलाश किया जा रहा है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।