बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी में रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू होते ही यात्रियों की जेब भी हल्की होने वाली है, क्योंकि डायवर्जन प्लान के अनुसार चलने वाली बसों का दो दिन बाद किराया बढ़ाया जाएगा। उधर टटीरी में पुलिस चौकी के सामने वनवे होने के कारण दिनभर वाहन जाम में फंसे रहे।
अग्रवाल मंडी टटीरी में रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज और अंडरपास निर्माण शुरू होने के कारण मंगलवार को अफसरों ने मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। साथ ही वाहनों के आवागमन के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। हालांकि बुधवार को टटीरी में नेशनल हाईवे वनवे कर वाहनों को सीधा निकलवाया गया, जबकि दो दिन बाद आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। जिसके चलते बागपत से मेरठ जाने वाली बसों को रूट डायवर्जन प्लान के हिसाब से बागपत आवागमन करना होगा। ऐसे में बसों को 30 किलोमीटर अधिक घूमकर आना पड़ेगा। दो दिन बाद भैंसाली बस डिपों की बसे मेरठ से अग्रवाल मंडी टटीरी तक चलेंगी, जबकि मेरठ से छपरौली टांडा तक जाने वाली निजी बसों का संचालन रूट डायवर्जन प्लान के हिसाब से चलाया जाएगा। जिसको लेकर निजी बसों के संचालक किराया भी बढ़ाने की तैयारी में लग गए हैं।
-
जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत
मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे बुधवार को अग्रवाल मंडी टटीरी में वनवे होने के कारण दिनभर जाम लगा रहा। जहां वाहन काफी देर तक फंसे रहे। तभी जाम खुलवाने पहुंचे पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत भी करनी पड़ी। इसके अलावा पुलिसकर्मी दिनभर जाम खुलवाते नजर आए।
रूट डायवर्जन के लिए यातायात पुलिसकर्मी तैनात
मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। बुधवार को रूट डायवर्जन प्लान के अनुसार भारी वाहनों को निकलवाने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगा दी गई। जिसके चलते राष्ट्र वंदना चौक से लेकर महिला थाना और दिल्ली रोड़ बाईपास पर यातायात पुलिसकर्मियों ने भारी वाहनों को निकलवाया।
-
वर्जन-नेशनल हाईवे बंद होने के बाद दो दिन बाद डायवर्जन प्लान के अनुसार ही निजी बसों का संचालन किया जाएगा। ऐसे में बसों का सफर 30 किलोमीटर से अधिक बढ़ जाएगा। दो दिन बाद ट्रायल कराया जाएगा। अगर जरूरत पड़ेगी तो किराया बढ़ाया जाएगा। - हिम्मत चौधरी, सचिव, चौधरी ट्रांसपोर्ट बस सर्विस।