बड़ौत। भले ही केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों को मुफ्त राशन मुहैया कराने का हरसंभव प्रयास कर रही हो। मगर नगर और देहात क्षेत्र में सक्रिय राशन माफिया गरीबों के राशन का डाका डाल रहे हैं।
क्षेत्र के सोनू तोमर, विनीत मलिक, सत्यपाल, रवि, मोहित का आरोप है कि नगर व देहात क्षेत्र के कुछ राशन डीलरों से माफिया राशन खरीदकर दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य जगहों पर बेच रहे हैं। नगर का एक युवक दिल्ली रोड पर पिछले कई माह से राशन खरीदकर अन्य जगहों पर सप्लाई कर रहा है।
राशन विक्रेता कल्याण समिति के मंडल अध्यक्ष सुधीर दांगी का कहना है कि सभी राशन डीलर नियमित रूप से सरकार की गाइड लाइन के तहत राशन वितरित कर रहे हैं, हर माह आपूर्ति विभाग राशन डीलरों के यहां राशन की जांच भी करते हैं, फिर भी यदि कोई राशन डीलर है तो गलत है, गरीबों का राशन गरीबों को ही मिलना चाहिए। आरओ आलोक कुमार का कहना है कि यदि कोई शिकायत है तो गोपनीय रूप से हमें दे, तुरंत छापा लगाकर कार्रवाई की जाएगी।