जर्जर हालत में दोघट-भगवानपुर नांगल मार्ग
- फोटो : BAGHPAT
दोघट। भगवानपुर नांगल से दोघट मार्ग की मरम्मत का कार्य ठेकेदार ने अधूरा छोड़ दिया है, जिससे आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से जल्द सड़क की मरम्मत पूरी कराने की मांग की।
कस्बे के रहने वाले किसान यतेंद्र राणा, देवेंद्र राणा, तेजपाल राणा, डॉ. अरुण आदि ने बताया कि भगवानपुर नांगल गांव जाने वाली सड़क काफी दिनों से जर्जर हालत में है। जो मरम्मत नहीं होने के कारण गड्ढों में तब्दील हो गई है। किसानों की समस्या को देखते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से दो किलोमीटर की सड़क का मरम्मत कार्य शुरू कराया गया, लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी मरम्मत कार्य पूर्ण नहीं हुआ।
आरोप लगाया कि मरम्मत करने वाले ठेकेदार ने सड़क पर रोड़ी डालकर छोड़ दी, जिससे हादसे होने का खतरा बना हुआ है। अब शुगर मिलों में पेराई सत्र शुरू होने वाला है, जिसमें जर्जर मार्ग से आवागमन करने में परेशानी उठानी पड़ेगी। उन्होंने पेराई सत्र शुरू होने से पहले मरम्मत कार्य पूर्ण कराने की मांग की। उधर पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन अतुल कुमार का कहना है कि मरम्मत कार्य अधूरा रहने की जानकारी नहीं है। टीम को भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा और सड़क को ठीक कराया जाएगा।