पुसार -बराल मार्ग स्थित कृष्णा नदी पुल के पास धंसी सड़क
दोघट। पुसार-बराल मार्ग पर कृष्णा नदी के पुल के पास सड़क धंस गई है। जिससे ग्रामीणों को हादसा होने का खतरा बना हुआ है। कई महीने बाद भी रास्ता ठीक नहीं किया जाने पर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पुसार बराल मार्ग का निर्माण एक साल पहले लोक निर्माण विभाग की तरफ से कराया था। पुसार-बराल मार्ग पर कृष्णा नदी के पुल के पास मार्ग धंसने लगा था। जिससे सड़क टूट गई और गड्ढा हो गया।
मुख्य मार्ग धंसने के कारण हादसा होने का खतरा बढ़ गया था। जिसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने खुद ही मिट्टी डालकर मार्ग का भराव करा दिया था।
कई दिन पहले बारिश के बाद मार्ग फिर से खराब हो गया और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण शिव कुमार राठी, संजीव, राकेश, ब्रह्मपाल, सतेंद्र आदि ने बताया कि मार्ग की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया जा सका।
इस मामले में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अतुल कुमार का कहना है कि मार्ग धंसने की जानकारी नहीं है, टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी, जल्द ही मार्ग ठीक करा दिया जाएगा।