बागपत : गोल्ड मेडल के साथ धनौरा टीकरी गांव निवासी जगदीश।
- फोटो : BAGHPAT
सेवानिवृत्त डीएसपी ने नीदरलैंड में दौड़ कर बनाया विश्व रिकार्ड
बागपत। नीदरलैंड में हुए वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स में धनौरा टीकरी के सेवानिवृत्त डीएसपी जगदीश सिंह ने दौड़ में विश्व रिकार्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता है। उनकी इस उपलब्धि पर धनौरा टीकरी में हर कोई उत्साहित है लोगों ने गांव में खुशी मनाई।
नीदरलैंड में 22 से 31 जुलाई तक वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स चल रहे हैं। इसमें यूपी पुलिस से सेवानिवृत्त हो चुके धनौरा टीकरी गांव के 65 वर्षीय डीएसपी जगदीश सिंह ने दौड़ में हिस्सा लिया। वहां जगदीश सिंह ने दस किमी दौड़ 55 मिनट में पूरी करके वर्ल्ड रिकार्ड बनाया और देश के लिए गोल्ड मेडल जीता। उनके भाई धर्मपाल सिंह और सेंसरपाल सिंह ने बताया कि जगदीश सिंह वर्ष 1981 में उप्र पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर भर्ती हुए थे और वह वर्ष 2017 में डीएसपी के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनको पुलिस में रहते हुए सराहनीय कार्य करने के लिए राष्ट्रपति पदक भी मिल चुका है।
उन्होंने बताया कि जगदीश सिंह की खेलों में रुचि रही है और वह खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहते हैं। उनकी जीत पर धनौरा टीकरी में खुशी का माहौल है। खुशी मनाने वालों में धर्मेंद्र, संजीत कुमार, ओमपाल सिंह, चमन सिंह, अरविंद, अंकुर वेदवान, लोकेंद्र सिंह, करमवीर आदि शामिल रहे।