बड़ौत। सोशल मीडिया पर लुहारी गांव के राशन डीलर धर्मेंद्र का कार्डधारकों को धमकाने का वीडियो वायरल हो रहा था। डीएम के आदेशों के बाद शुक्रवार को जांच कमेटी में शामिल आपूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल व अमरेश भटनागर, क्लर्क हेमंत, अभिषेक रस्तोगी गांव पहुंचे और खुली बैठक में कार्डधारकों से मामले की जानकारी ली। जांच में राशन न देना, धमकाना व कार्ड काटने की धमकी देना पाया गया। इसके बाद कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी गई। डीएम के आदेशों पर आपूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल ने कोतवाली में राशन डीलर धर्मेंद्र और उसके भाई जितेंद्र के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।