बड़ौत (बागपत)। हरियाणा के खोजकीपुर जिला पानीपत के किसानों ने यूपी के टांडा गांव के किसानों पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में नियत समय तक ये सभी न्यायालय में पेश नहीं हुए। टांडा चौकी प्रभारी की तहरीर पर थाना छपरौली पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीटू पुत्र मामन, प्रकाश पुत्र रामचंद, रमेश पुत्र बृह्मा, अनिरुद्ध उर्फ औधरा रामचंद, भोपाल पुत्र अतरा निवासी खौजकीपुर थाना बापौली जनपद पानीपत हरियाणा के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
टांडा गांव के रहने वाले मुश्तकीम पुत्र रफीक ने मुकदमा दर्ज कराया कि 26 मई 2022 की शाम हरियाणा के पानीपत जनपद के बापौली थाना क्षेत्र के खोजकीपुर गांव के किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर लाठी-डंडे लेकर उसके खेत में पहुंचे। उसे और उसकी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए फसल उजाड़ दी।
शोर सुनकर अपने खेतों में काम कर रहे टांडा गांव के ही इरफान, साजिद, बानो, इकबाल मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। एसओ नितिन पांडेय ने बताया कि अदालत के आदेश पर खोजकीपुर गांव के किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस विवेचना में कुछ लोग घटना शामिल न मिलने पर उनकेे नाम हटाए गए। शेष पांच लोगों के खिलाफ मुकदमे के तहत न्यायालय में पेश न होने पर पुलिस ने उनके मकान पर पिछले माह नोटिस चस्पा किए थे। समयावधि में ये न्यायालय में पेश नहीं हुए। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।