युवक ने युवती के परिजनों पर अपहरण करने का लगाया आरोप
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम काठा निवासी युवक ने कांधला निवासी प्रेमिका के परिजनों पर अपहरण करने की खेकड़ा पुलिस को फोन कर जानकारी दी। पुलिस ने युवक को देर रात पानीपत से बरामद कर लिया। जांच में मामला प्रेम-प्रसंग का निकला। पुलिस ने अपहरण का नाटक रचने वाले आरोपी का चालान कर दिया है।
ग्राम काठा निवासी युवक सलमान ने सोमवार शाम परिजनों को फोन किया। उसने बताया कि काठा रोड स्थित अंडरपास के समीप उसका शामली जनपद के कस्बा कांधला निवासी एक युवक ने दोस्तों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया है। इसकी युवक के परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। इस पर पुलिस युवक की तलाश में जुट गई। पुलिस ने रात में ही युवक को पानीपत से बरामद कर लिया। वहीं, कांधला निवासी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की तो मामला प्रेम-प्रसंग का निकला।
सीओ विजय चौधरी ने बताया कि काठा गांव निवासी सलमान कांधला निवासी युवती से निकाह करना चाहता था। पता लगने पर युवती के परिजनों ने विरोध किया। उन्होंने युवक से निकाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने अपहरण का नाटक रचकर युवती के भाई पर आरोप लगाया। सोमवार को आरोपी युवक का चालान कर दिया।