बागपत। यातायात माह के अंतर्गत सोमवार को उप संभागीय विभाग की ओर से रमाला शुगर मिल में गन्ना लेकर आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाई गई। इसके साथ ही किसानों एवं चालकों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। एआरटीओ एनसी शर्मा ने कहा कि कोहरे में हादसे की आशंका अधिक बढ़ जाती है। वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाकर हादसों की रोकथाम की जा सकती है। उन्होंने वाहन चालकों को यातायात के नियमों का पालन करने और नियंत्रित गति से वाहनों का संचालन करने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर आरआई विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
विशेष टीकाकरण अभियान शुरू
बागपत। टीकाकरण से छूटे शून्य से पांच साल तक के बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करने के लिए सोमवार को प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया। बागपत सीएचसी में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुदेश चौहान और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने फीता काटकर किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि जिले में विशेष टीकाकरण अभियान के अंतर्गत नौ जनवरी से 20 जनवरी तक अभियान चलाकर बच्चों का टीकाकरण पूर्ण कराया जाएगा। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत, डीएमसी कोर एडरा फसीउर रहमान व स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद