टूंडला। फिरोजाबाद हाईवे पर टोल प्लाजा के पास वाहनों पर पुलिस संरक्षण में रिफलेक्टर लगाने के नाम पर हो रही अवैध वसूली के खेल को एसपी सिटी ने पकड़ा है। शिकायतों के बावजूद थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर बृस्पतिवार रात एसपी सिटी ने कार्रवाई की। उन्होंने डंडे के बल पर वाहन चालकों से वसूली करते पांच युवकों को पकड़ लिया। साथ ही मामले में दो पुलिसकर्मियाें को लाइनहाजिर किया है।
शिकायत पर एसपी बृहस्पतिवार मध्यरात्रि 11.45 बजे पुलिस फोर्स के साथ बताए गए टोल स्थान प्लाजा के पास पहुंचे। मौके पर उन्हें पांच लोग वाहनों को रोक-रोककर रिफ्लेक्टर लगाते मिले। युवक ट्रक वालों से पांच सौ व छाेटे वाहन चालकों से दो सौ से तीन सौ रुपये तक वसूली कर रहे थे। रुपये न देने पर चालकों से अभद्रता की जा रही थी। तभी उनके निर्देश पर पुलिसफोर्स ने पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से रिफ्लेक्टर, रसीदें व नकदी बरामद की गई। आरोपियाें ने अपने नाम अमित कुमार, राजन निवासी गांव नावला मंसूरपुर मुजफ्फरनगर, विपिन कुमार निवासी मढोला, लोनी ग्रामीण गाजियाबाद, सचिन कुमार निवासी गांव मलकपुर, बढ़ौत बागपत, भरत सिंह निवासी गांव खेकड़ा ईदगाह के पास बागपत बताया। एसआई योगेश नागर ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में छापामार कार्रवाई की थी। पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल ओमपाल सिंह व अनुज कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।