बागपत। फैजपुर निनाना में श्रम विभाग की सहायक आयुक्त के मोबाइल तोड़ने के मामले में जांच पूरी हो गई। उप श्रमायुक्त ने सहायक श्रमायुक्त पर कार्रवाई और वरिष्ठ सहायक की वेतन वृद्धि रोकने के साथ ही संविदाकर्मी की सेवा समाप्त करने की संस्तुति कर अपर श्रमायुक्त को अपनी रिपोर्ट भेज दी।
रमाला गांव के रहने वाले ईंट भट्ठा संचालक बिट्टू उर्फ उपेंद्र चौहान ने डीएम व एसपी को दी शिकायत में बताया था कि उसके ईंट भट्ठे पर कुछ मजदूरों ने पेशगी लेने के बाद मजदूरी करने से मना कर दिया था। ऑनलाइन पोर्टल पर ईंट-भट्ठे पर बंधक बनाकर रखने की शिकायत कर दी थी। उसने आरोप लगाया था कि श्रम विभाग के अधिकारियों ने भट्ठे पर पहुंचकर रुपयों की मांग की थी। आरोप था कि वहां अभद्रता की गई और वीडियो बनाने पर उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटककर तोड़ दिया। इस मामले में उप श्रमायुक्त अंजू वर्मा ने सहायक श्रमायुक्त विनीता सिंह पर कार्रवाई करने, वरिष्ठ सहायक उमेश कुमार की दो वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने और संविदाकर्मी सचिन की सेवा समाप्त करने की संस्तुति कर रिपोर्ट अपर श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश को भेजी।
सहायक श्रमायुक्त ने दर्ज कराया था मुकदमा
इस मामले में सहायक श्रमायुक्त विनीता सिंह की तरफ से जानलेवा हमला करने का भट्ठा मालिकों पर भी मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी।
सहायक श्रमायुक्त विनीता सिंह का कहना है कि अगर कोई शिकायत होती है तो उसमें जांच भी होती है। यह विभाग का अंदरूनी मामला है, इससे अन्य किसी का कोई मतलब नहीं है।