खेकड़ा। भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक पर्व पर श्रद्धालुओं ने कस्बे में भगवान की रथ यात्रा धूमधाम से निकाली। रथ यात्रा में श्रद्धालुओें ने भगवान के भजनों पर भाव विभोर होकर जमकर नृत्य किया।
कस्बे के छोटा बाजार स्थित मंदिर ट्रस्ट कुंद कुंद कहान दिगंबर जैन तेरह पंथ स्वाध्याय भवन के तत्वावधान में रविवार को श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक पर्व पर भव्य रथ यात्रा निकाली। मंदिर में आदिनाथ विधान में श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ की पूजा की। इसके बाद रथ यात्रा शुरू हुई, जिसमें निशंक जैन और अंकुश जैन काे सारथी, सौधर्म इंद्र प्रदीप जैन और कैलाश जैन, चंवर ढोरना प्रत्यक्ष जैन, भव्य जैन, अविरल जैन, अक्षीण जैन को सौभाग्य प्राप्त हुआ। रुक्मणि जैन को बग्गी में सवार होने का सौभाग्य मिला। रथ यात्रा में कीर्तन मंडली ने भगवान आदिनाथ को समर्पित भजनों पर भाव विभोर होकर जमकर नृत्य किया। रथ यात्रा जैन कालेज मार्ग पर भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में पहुंची। इस दौरान अध्यक्ष अजीत कुमार जैन, महामंत्री राकेश जैन, कोषाध्यक्ष जितेश जैन, शरद जैन, मनीष जैन, मनोज जैन, सुशील जैन, साहिल जैन आदि शामिल रहे।