रमाला (बागपत)। सहकारी चीनी मिल रमाला ने इस बार बिजली की बिक्री से 15 करोड़ की अतिरिक्त आय की है। उत्तम ग्रुप के प्रबंध निदेशक संजय गुलाटी ने बताया कि मिल की क्षमता बढ़ने के बाद और नए को-जनरेशन प्लांट चालू होने से बिजली का उत्पादन करते हुए 15 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित की। उपाध्यक्ष हरनाम सिंह ने बताया कि पेराई सत्र 2019-20 में मिल ने 83 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर नौ लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया। पिछले पेराई सत्र से 4.60 लाख क्विंटल चीनी का अधिक उत्पादन हुआ है। उन्होंने बताया कि विस्तारीकरण के साथ-साथ 27 मेगावाट का को-जनरेशन प्लांट भी स्थापित हुआ। इसमें 37468 मेगा वाट बिजली का उत्पादन हुआ, जिसे विद्युत पावर ग्रिड को निर्यात कर 15 करोड़ की अतिरिक्त आय अर्जित की गई है। उत्तम ग्रुप के साइड प्रबंधक अश्वनी तोमर, रमाला मिल के प्रधान प्रबंधक डॉ आरबी राम ने इसे उपलब्धि बताया।