संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। मुबारिकपुर गांव के चर्चित राजू हलवाई हत्याकांड का पुलिस करीब ढाई वर्ष बीत जाने के बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। अब पुलिस ने दो कारीगरों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे घटना के बारे में पूछताछ करने में जुटी है।
मुबारिकपुर गांव निवासी राजू हलवाई शादियों में खाना बनाता था। 27 नवंबर 2020 को वह कारीगरों के साथ फिरोजपुर गांव में शादी में खाना बनाने के लिए गया था। खाना बनाने के बाद वह देर रोटी बनाने वाली खेकड़ा निवासी दो महिलाओं के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। जब वह मुबारिकपुर गांव के पास पहुंचा। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थी। आठ गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
राजू के भाई सुनील ने तभी थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। लेकिन पुलिस करीब ढाई वर्ष बीत जाने के बावजूद अभी तक घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस ने घटना का खुलासा करने के लिए कई बार खेकड़ा, फखरपुर, फिरोजपुर और मुबारिकपुर के एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। अब फिर पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए मंगलवार की रात गांव के दो कारीगरों समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सीओ प्रीता सिंह का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से हत्याकांड के बारे में पूछताछ की जा रही है।